चडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)-पूरे हरियाणा में 15 दिसंबर से शुरू हुई आम आदमी पार्टी की 10 दिवसीय प्रदेश स्तरीय बदलाव यात्रा का रविवार को समापन हुआ। इस दौरान इसमें हजारों की संख्या में आम आदमी पार्टी के समर्थकों ने हिस्सा लिया ।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता के नेतृत्व में फरीदाबाद से शुरू हुई बदलाव यात्रा का समापन जींद में हुआ, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के नेतृत्व वाली यात्रा का समापन सिरसा से शुरू होकर भिवानी में हुआ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा के नेतृत्व वाली बदलाव यात्रा महेंद्रगढ़ से शुरू होकर कैथल में संपन्न हुई, जबकि राष्ट्रीय ज्वाइंट सेक्रेटरी चौ. निर्मल सिंह के नेतृत्व में कालका से शुरू हुई बदलाव यात्रा का समापन पानीपत में हुआ।
हरियाणा में 2024 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का दावा
बदलाव यात्रा के तहत आम आदमी पार्टी के नेताओं ने 90 विधानासभाओं का दौरा किया और प्रदेश के लोगों की समस्याएं जानी व सरकार के सामने जनता के मुद्दे उठाए। बदलाव यात्रा के समापन के दौरान डॉ. सुशील गुप्ता के साथ पंजाब के वित्त मंत्री सरदार हरपाल सिंह चीमा, डॉ. अशोक तंवर के साथ पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, अनुराग ढांडा के साथ पंजाब के कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा और चित्रा सरवारा के साथ विधायक गुरलाल घनौर मौजूद रहे। आप नेताओं ने हरियाणा सरकार को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, किसानों और प्रदेश में बढ़ते नशे के मुद्दे पर घेरा । वहीं हरियाणा में 2024 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का दावा भी किया ।बदलाव यात्रा के दौरान आम आदमी पार्टी के निशाने पर सीएम मनोहर लाल खट्टर रहे । उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर सरकार को फैल बताया । इसके अलावा दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी के द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की ।







