कुरुक्षेत्र(TSN): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर शनिवार सुबह से ही कुरुक्षेत्र में पहुंचे हुए हैं। इस दौरान उन्होंने गीता जयंती के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में भाग लिया। जहां सुबह वे गीता पाठ में शामिल हुए तो वहीं शाम को सन्निहित सरोवर पर दीपदान के बाद ब्रह्म सरोवर की होने वाली संध्या कालीन आरती में भी उन्होंने भाग लिया।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2016 में अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती को अंतरराष्ट्रीय रूप दिया गया था जहां पहले हजारों की संख्या में लोग गीता जयंती देखने पहुंचते थे वहीं अब यह संख्या लाखों में पहुंच चुकी है। उन्होंने कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय के लिए जमीन को लेकर कहा कि कुरुक्षेत्र में जीटी रोड पर सिख संग्रहालय के लिए जमीन दी जाएगी और एक भव्य शिक्षा संग्रहालय बनाया जाएगा।
वहीं पंजाब विश्वविद्यालय में हरियाणा की भागीदारी पर उन्होंने कहा कि अगर पंजाब कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से जुड़कर पंजाब में कॉलेज खोलना चाहता है तो हमें इस पर कोई एतराज नहीं इसलिए पंजाब को भी इस पर कोई एतराज नहीं होना चाहिए।
वहीं उन्होंने पहलवानों पर बोलते हुए कहा कि जब गांव में चुनाव होता है और एक व्यक्ति चुनाव जीतता है तो सभी उसे अपना नेता मान लेते हैं,ऐसे ही पहलवानों को भी उसे व्यक्ति को अपना अध्यक्ष मान लेना चाहिए जिसने चुनाव जीता है। उन्होंने कहा कि अब पहलवानों को लेकर राजनीति हो रही है।
केडीबी के 164 तीर्थों की पुस्तक का किया विमोचन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस दौरान केडीबी के 164 तीर्थों की पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के साथ 18 नए तीर्थों को जोड़ा गया है। अब तीर्थों की संख्या 164 से बढ़कर 182 तीर्थ हो गए है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की कि ब्रह्मसरोवर पर अगले गीता महोत्सव से पहले लाइट एंड साउंड स्थापित किया जाएगा।







