चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)-आम आदमी पार्टी प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने शुक्रवार को प्रदेश सरकार की खेलनीति को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को प्रदेश के खिलाड़ियों की कोई फिक्र नहीं है। एक तरफ तो सरकार खिलाड़ियों के मेडल जीतने पर अपनी पीठ थपथपाने से पीछे नहीं हटती। दूसरी तरफ यहां नेशनल और इंटरनेशनल लेवल की प्रतियोगिताओं में मेडल जीतने वाले खिलाड़ी अभावों में अभ्यास करने को मजबूर हैं।
डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में पदक विजेता खिलाड़ियों रवि दहिया, सुमित आंतिल और हॉकी खिलाड़ी सुमित के गांव में खेल स्टेडियम और मल्टीपर्पज हाल बनाने की घोषणा का गांव के खिलाड़ी और खेल प्रेमी पिछले दो साल से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद एक ईंट भी नहीं लगी। वहीं गांवों के खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं इंतजार में हैं।उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों के गांव में खेल स्टेडियम बनाने की योजना फाइलों में अटक कर रह गई है। वहीं जहां स्टेडियम हैं उनकी भी हालत खस्ता है। खिलाड़ियों के लिए न ट्रैक पर लाइट रहती है। न ही लड़कियों के लिए टॉयलेट की सुविधा है। ऐसे में सभी खिलाड़ी विभिन्न अव्यवस्थाओं में अभ्यास करने को मजबूर हैं।







