हिसार : चन्द्रिका ( TSN)– आज हिसार जिले में
सरपंच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया ।इस दौरान जिले भर से सरपंच शामिल हुए ।सरपंचों को बताया गया कि किस तरह वो भी अपने साधारण गॉंव को अन्तर्राष्ट्रीय ब्रॉंड गॉंव बना सकते हैं ।भारतीय गुणवत्ता परिषद द्वारा गुणवत्ता वाले गॉंव बनाने के मकसद से सरपंच संवाद शुरू किया गया है ।
इस अवसर पर भारतीय गुणवत्ता परिषद के रिसोर्स पर्सन प्रोफ़ेसर सुनील जागलान ने बताया कि भारतीय गुणवत्ता परिषद के चैयरमैन ज़क्षय शाह का यह सपना है कि हर गॉंव क्वालिटी विलेज में तबदील हो सके और इसके लिए हम पूरे देश भर में सरपंच संवाद कर रहे हैं ।सरपंच संवाद एप्प के माध्यम से कोई भी सरपंच अपने गॉंव के विकास कार्य को देश भर मे पहुँचा सकता है । सरपंच संवाद एप्प का लक्ष्य एक डिजिटल नेटवर्क बनाना और पूरे भारत में लगभग 2.5 लाख सरपंचों को जोड़ना है, जो नेटवर्किंग, ज्ञान के प्रसार एवं सहयोग के लिए एक विशेष और सुविधाजनक एकल मंच प्रदान करता है। एप्लिकेशन सरपंचों को सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने, गांवों में किए गए विकास कार्यों को प्रदर्शित करने, सरपंचों की रुचियों एवं जरूरतों के अनुरूप सामग्री की खोज करने, सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने, प्रशिक्षण मॉड्यूल से सीखने और विशेषज्ञों से सुझाव लेने में सहायता प्रदान करेगा ।







