चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)-हरियाणा में नकली शराब से गई कई लोगो की जानो को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदेश सरकार को घेरा हैं । आम आदमी पार्टी चुनाव प्रचार समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने मंगलवार को हरियाणा में नकली शराब से जा रही जानों को लेकर प्रेस वार्ता की । उन्होंने कहा कि यमुनानगर में अभी तक 20 से 24 लोग नकली शराब से जान गंवा चके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में सरकार के संरक्षण में नशे का रैकेट चल रहा है, जिसकी वजह से ये जानें गई हैं।
सच्चाई को छुपाने के लिए गलत आंकड़े पेश कर रही सरकार
आम आदमी पार्टी चुनाव प्रचार समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि जब भी इस तरह के मामले सामने आते हैं तो सरकार सच्चाई को छुपाने की कोशिश करती है और सही आंकड़ों को छुपाकर गलत आंकड़े पेश करती है। सरकार कहती है कि 2016 से 2023 तक 39 मौतें हुई हैं, जबकि सरकार के 9 साल में 500 से ज्यादा लोगों की नकली शराब के कारण मौ+त हुई है। यदि सरकार इस मामले में गंभीर होती तो इसको रोका जा सकता था। जब ऐसी घटनाएं घट जाती हैं तो छापेमारी चल रही है और पुलिस प्रशासन भी अपने आपको गंभीर दिखाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल यमुनानगर में उन परिवारों से मिलेगा जिनके परिजन की नकली शराब से मौ+त हुई है। नशे के खिलाफ इस लड़ाई में आम आदमी पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार दोषियों को बचाने की कोशिश न करे। डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि इसमें दूसरी पार्टियों के लोग भी शामिल हैं। कहीं न कहीं राजनीतिक संरक्षण में मौ+त के सौदागर इस खेल को खेल रहे हैं, ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
पीड़ितों के परिवार को दिया जाए मुआवजा
डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि सीएम कह रहे हैं कि युवाओं से संवाद करेंगे, लेकिन सीएम हरियाणा में नशे को खत्म करने के लिए भी युवाओं से चर्चा करे और नशे की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाए। उन्होंने कहा हम उम्मीद करते हैं कि हरियाणा में इस तरह की घटनाएं दोबारा देखने को न मिले और इस तरह की जहरीली शराब पीकर किसी मां का बेटा और किसी का सुहाग न उजड़े। सरकार को पीड़ितों के परिवार के लिए सोचना चाहिए और उन्हें मुआवजा देना चाहिए।







