पलवल ( चन्द्रिका )- पलवल में वार्ड नंबर-14 की न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी में सडक़ के निर्माण कार्य का विधायक दीपक मंगला ने शिलान्यास किया। ये सड़क लगभग 4 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से बनाई जाएगी ।इस अवसर पर उनके साथ नगर परिषद पलवल के चेयरमेन यशपाल भी मौजूद रहे।
विधायक दीपक मंगला ने कहा कि यह सडक़ मार्ग रेलवे लाइन के समीप बसी सल्लागढ़, आदर्श कॉलोनी, न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी, न्यू कॉलोनी, राजपूत मोहल्ला से होते हुए ओमेक्स तक एक बाईपास का कार्य करेगी। लगभग 4 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से बनने वाली इस सडक़ मार्ग की लंबाई 1 किलोमीटर 800 मीटर और चौडाई 6 मीटर है। नगर परिषद की ओर से इस मार्ग को अगले 6 महीने में बनाकर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इस सडक़ मार्ग के एक ओर गंदे पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण भी करवाया जाएगा। रेलवे लाइन से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 तक भंगूरी रजवाहे के साथ-साथ इस सडक़ मार्ग का निर्माण करवाया जाएगा। विधायक दीपक मंगला ने कहा कि यहां बसी कई कॉलोनियों के लोगों की पुरानी मांग थी, जिसे सरकार ने मंजूर करके कॉलोनी वासियों को दिपावली के तोहफे के रूप में दिया है। विधायक दीपक मंगला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में सबका साथ-सबका विकास की तर्ज पर समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं।







