अंबाला (एकता): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में घरों के ऊपर से गुजरने वाली बिजली लाइन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। बता दें कि प्रदेश सरकार ने इसके लिए 151 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया। सूत्रों के मुताबिक चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के आईजी सभागार में जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घरों के ऊपर से गुजरने वाली लाइन की समस्या का समाधान करने के लिए बिजली विभाग को निर्देश जा चुके हैं। उन्होंने बिजली विभाग से कहा कि भविष्य में बिजली की लाइन के नीचे निर्माण नहीं होने दिया जाए। उन्होंने घरेलू उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए खुद सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की स्टाल का अवलोकन किया। हरियाणा देश का बुजुर्गों को सर्वाधिक पेंशन देने वाला राज्य है। बुजुर्गों की पेंशन में जल्द ही बढ़ौतरी करके तीन हज़ार रुपए किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के नागरिक को 60 साल की उम्र पूरी होने पर पेंशन के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ते। बता दें कि परिवार पहचान पत्र के माध्यम से स्वतः ही पेंशन बन रही है। जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मौके पर ही 22 लोगों की पेंशन बनवाकर कार्ड प्रदान किए। जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष दिव्यांग नागरिकों ने जिला में कुछ राशन डिपुओं पर गड़बड़ की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने राशन डिपुओं पर फर्जी राशन कार्ड बनवाकर राशन लेने सहित राशन से जुड़ी अन्य शिकायतों की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो को करने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के लिए आयुष्मान योजना लाभप्रद सिद्ध हो रही है। लोगों को पांच लाख रुपए तक का मुफ़्त इलाज इस योजना के तहत प्रदान किया जा रहा है। हिसार विधानसभा क्षेत्र में 77566 आयुष्मान कार्ड बनवाए है। जिनमें से 868 कार्डधारकों ने 2 करोड़ 74 लाख राशि का इलाज करवाकर योजना का लाभ उठाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दयालु योजना के तहत 75 करोड़ रुपए की राशि वित्तीय सहायता के रूप में उपलब्ध करवाई गई है।







