अंबाला (एकता): हरियाणा के लाखों किसानों को बड़ी राहत मिली है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सरकार बीमा करेगी। बता दें कि हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि खरीफ फसलों की खरीद के लिए हरियाणा सरकार ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। मीडिया सूत्रों के अनुसार 1 अक्टूबर से धान की खरीद शुरू होती है, लेकिन हमने भारत सरकार से 20 सितंबर से खरीफ फसलों की खरीद करने की अनुमति मांगी है। ताकि राज्य में खरीद शुरू होने से धान की जल्द आवक होने से किसानों को कोई नुकसान न हो।
उन्होंने कहा कि केंद्र से जल्द ही खरीद की अनुमति मिल जाएगी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिन किसानों का बीमा नहीं किया गया है। अब वह प्रदेश सरकार करेगी। कृषि मंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि किसान भाइयों को चिंता करने की जरूरत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बीमा कंपनियों के लिए 3 क्लस्टर बने हुए हैं। क्लस्टर-1 में एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी, भारत सरकार को बीमा का कार्य दिया हुआ है।
प्रीमियम राशि में भी कोई बदलाव नहीं होगा। कृषि मंत्री ने कहा कि इस बार प्रदेश में खाद की कमी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी इस विषय पर केंद्रीय मंत्री से बात की है। इसके अलावा भी और खाद चाहिए होगी तो केंद्र सरकार ने हमें देने का वायदा किया है। अभी तक 10 हजार मीट्रिक टन बाजरे की खरीद हुई है। अभी सरकार स्थिति पर नज़र बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि किसान भाइयों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सरकार उनके साथ है।







