सिरसा। सिरसा जिले के गांव खोखर निवासी जसवंत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने साजिश का खुलासा करते हुए उसके माता-पिता और बहन समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार जमीन और घरेलू विवाद के चलते जसवंत की हत्या की साजिश रची गई थी। इसके बाद उसके बहनोई गुरजंट सिंह ने साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर जसवंत की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक वारदात 15 सितंबर की सुबह करीब चार बजे हुई थी। जसवंत अपने कमरे में सो रहा था, जबकि उसकी पत्नी जश्नदीप कौर और पांच वर्षीय बेटा आंगन में सो रहे थे। आरोप है कि गुरजंट सिंह और उसके साथी घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। हमलावरों ने पहले जसवंत की पत्नी की गर्दन पर हथियार रखा और इसके बाद जसवंत पर छह गोलियां चला दीं।कालांवाली थाना पुलिस ने मामले में जसवंत के पिता जलविंदर सिंह, मां बिंदर कौर और बहन हुसनप्रीत कौर को साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
हत्या में शामिल उसके बहनोई गुरजंट सिंह निवासी कामलू, राजा निवासी सुखलाढ़ी और मनिंदर उर्फ करण समेत अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला नकाबपोश वीडियो जारी करने वाला युवक जसवंत का बहनोई गुरजंट सिंह था। पुलिस का दावा है कि ससुराल पक्ष की भूमिका से जांच को भटकाने के लिए यह वीडियो साजिश के तहत बनाया गया था।जांच अधिकारी पीएसआई सुखचैन के अनुसार जसवंत और उसके पिता के बीच जमीन और नशे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जलविंदर के नाम करीब 10 एकड़ जमीन बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद था। जलविंदर ने करीब तीन एकड़ जमीन बेच दी थी, जिसे जसवंत ने पैसे देकर दोबारा खरीद लिया था।
पिछले एक-दो महीने से जसवंत के माता-पिता पंजाब के कामलू गांव में अपनी बेटी के पास रह रहे थे। इसी दौरान पारिवारिक और जमीन संबंधी विवाद बढ़ने की बात सामने आई है।पुलिस के मुताबिक जसवंत की पत्नी के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पत्नी ने एफआईआर में अपने ससुर का नाम लेते हुए आरोप लगाए थे। जांच के दौरान पुलिस को अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े साक्ष्य भी मिले।वारदात के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से गोली के खोल समेत अन्य साक्ष्य जुटाए थे। मृतक की पत्नी आठ माह की गर्भवती है और उसका पांच वर्षीय बेटा अरमान सिंह है। पुलिस के अनुसार जसवंत के खिलाफ नशा तस्करी समेत चार से पांच मामले पहले से दर्ज थे। मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।







