रोहतक (एकता): सावन का व्रत रखने वाले शिव भक्तों के लिए खुशखबरी है। इस साल भक्त चार नहीं आठ सोमवार को भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सकेंगे। ऐसी मान्यता है कि सावन के सोमवार का व्रत करने वालों पर भगवान शिव की विशेष कृपा बनी रहती है। सावन के महीने में शिव भक्त भगवान शिव की आराधना में लीन हो जाते हैं और मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ती है।

इस बार 59 दिनों का है सावन
मीडिया सूत्रों के अनुसार इस बार सावन मल मास के चलते 59 दिनों का है। इस बार सावन माह खास माना जा रहा है। बता दें कि इस बार सावन की शुरुआत 4 जुलाई 2023 से हो रही है। जिसका समापन 31 अगस्त को होगा। इसी वजह से इस बार सावन 2 महीने का रहेगा।

इस बार 15 जुलाई को होगी सावन शिवरात्रि
बता दें कि सावन का पहला सोमवार 10 जुलाई को है। सावन में पूजा की विधि में सुबह जल्दी उठकर स्नान करके साफ कपड़े पहनने होते हैं। इसके बाद व्रत रखने का दिन शुरू होता है। कई लोग मंदिर या घर पर ही शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाते हैं। इसके बाद ओम नम: शिवाय मंत्र का जप करते हुए भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। शिवलिंग पर सफेद फूल, अक्षत, सफेद चंदन, भांग धतूरा, गाय का दूध, धूप, पंचामृत, सुपारी, बेलपत्र आदि चढ़ाएं जाते हैं। अगर आप सोमवार का व्रत रख रहे हैं तो कथा जरुर पढ़ें।







