रोहतक (एकता): अगर आप में कुछ कर गुजरने का जज्बा है तो दुनिया की कोई चीज़ भी आपको सफल होने से रोक नहीं सकती। एक दिन कामयाबी जरूर आपके कदम चूमती है। ऐसी ही सफलता हरियाणा के रोहतक के हिमांशु हुड्डा ने हासिल की। मीडिया सूत्रों के अनुसार हिमांशु हुड्डा ने प्रतिष्ठित गेट परीक्षा में 206वीं रैंक हासिल किया।

खास बात यह है कि उसके पिता ने चाय बेचकर अपने बेटे को पढ़ाया लिखाया। फिर उसकी किस्मत ऐसे चमकी कि उसे भी यकीन नहीं हुआ। आखिरकार हिमांशु हुड्डा का IIT बॉम्बे में जाने का सपना पूरा हुआ। दरअसल IIT बॉम्बे में एडमिशन के लिए उसे बुलाया गया। बताया जा रहा है कि हिमांशु के पिता सड़क किनारे एक छोटी-सी चाय की रेहड़ी लगाते हैं। उसके पिता ने अपने बेटे की पढ़ाई के लिए गांव तक छोड़ दिया।
परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं होने के बावजूद उसे कोई कमी नहीं आने दी। पिता ने बेटे को सिखाया कि दुनिया में कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। हिमांशु के पिता 1990 में गांव से शहर आए थे। वह किराए के मकान में रहते थे। अब बेटे ने पूरे परिवार का नाम रोशन किया है। उन्हें अपने बेटे पर नाज है।







