अंबाला (अंकुर कपूर): कर्नाटक में कांग्रेस की शानदार जीत की गूंज हरियाणा तक सुनाई दी। अंबाला से लेकर यमुनानगर के पूरे रास्ते में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद दीपेन्द्र हुड्डा का जगह-जगह रोककर जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल और कर्नाटक तो झांकी है, हरियाणा दिखाना अभी बाकी है। हरियाणा में लोग बदलाव का मन बना चुके हैं। सांसद ने कहा कि बीजेपी-जेजेपी ने हरियाणा को विकास की पटरी से उतार दिया और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में तो 40 प्रतिशत भ्रष्टाचार था, लेकिन हरियाणा में कितने प्रतिशत भ्रष्टाचार है, इसका अंदाजा लगाना ही मुश्किल है। हरियाणा में भ्रष्टाचार का डबल इंजन है क्योंकि जेजेपी ने लूट की छूट के आधार पर ही भाजपा को हरियाणा में समर्थन दिया है। भाजपा-जजपा का गठबंधन 5100 रुपए पेंशन पर नहीं बल्कि हरियाणा में लूट की छूट पर हुआ था।
उन्होंने कहा कि जो हरियाणा विकास में गरीबों की कल्याणकारी योजनाओं में नंबर 1 पर माना जाता था, वो विकास में पिछड़कर 19वें स्थान पर पहुंच गया बेरोजगारी में नंबर 1 पर पहुंच गया। 2 लाख से ज्यादा सरकारी पद खाली पड़े हैं और जो भर्ती निकली को घोटाले की भेंट चढ़ गई। दीपेन्द्र हुड्डा ने हाथ से हाथ जोड़ो के संकल्प दोहराते हुए कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो यानी हरियाणा के हर भाई को प्रेम की डोर से जोड़ो और बीजेपी का घमंड तोड़ो, किसान को एमएसपी गारंटी से जोड़ो, नौजवानों को रोजगार से जोड़ो।







