अंबाला (अंकुर कपूर): अम्बाला में प्रयास सोसायटी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कपिल विज बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज के प्रयासों के तहत आगामी दिवाली से पहले-पहले अंबाला से डोमेस्टिक एयरलाइंस शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रयास सोसाइटी पिछले कई सालों से सामाजिक कार्य निरंतर करती आ रही है। मुझे यह जानकर बहुत ही प्रसन्नता हो रही है कि सोसाइटी हर वर्ष 5 कन्याओं की शादी करवाती है।
उन्होंने कहा कि सोसायटी द्वारा इस प्रकार के जन कल्याण के प्रयास किए जा रहे हैं जो बहुत ही अच्छी बात है। साल 1997 में हमारे विधायक अनिल विज ने यह प्रयास किया कि अंबाला में भी एक सरकारी कॉलेज होना चाहिए और वह सफल रहे। आज इस सरकारी कॉलेज में लगभग 4000 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन्हीं प्रयासों की कड़ी में जगाधरी रोड को फोरलेन किया गया। उन्होंने कहा कि वे प्रयास करते रहे तो सफल रहे और आज यह सभी चीजें धरातल पर है।
उन्होंने कहा कि इस सोसाइटी का नाम जिसने भी प्रयास सोसाइटी रखा, उसका मैं धन्यवाद करता हूं क्योंकि प्रयास का बहुत गहरा अर्थ है। उन्होंने बताया कि नई टीम को प्रोत्साहन के रूप में गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज जी की ओर से अनुदान के रूप में दो लाख रुपए देने की घोषणा की गई है। इस मौके पर प्रयास सोसाइटी के सभी पदाधिकारी, सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।







