फरीदाबाद (अंकुर कपूर): कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा के विधानसभा क्षेत्र में स्थित बल्लभगढ़ जोन के नगर निगम कार्यालय में बुधवार को सीएम फ्लाइंग की टीम ने छापेमारी कर कर्मचारियों का हाजिरी रिकॉर्ड चेक किया। इस छापेमारी में 7 कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के गैरहाजिर पाए गए। वहीं बहुत से ऐसे लोग भी मिले जो अपने काम करवाने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाकर थक चुके थे। सीएम फ्लाइंग डीएसपी के अनुसार रिपोर्ट बनाकर ऊपर भेजी जा रही है और उसके बाद नियमानुसार कार्यवाही होगी।
गौरतलब है कि बल्लभगढ़ क्षेत्र से विधायक और कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा लगातार अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य करवा रहे हैं। लेकिन नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी ऐसे बेकार हैं कि वह मंत्री के करवाए जा रहे कार्यों पर पानी फेर रहे हैं।
बता दें कि बल्लभगढ़ नगर निगम कार्यालय में कुल 77 कर्मचारी तैनात है, जिनमें 62 कर्मचारी अपनी सीट पर उपस्थित पाए गए, जबकि 8 कर्मचारी अवकाश पर गए हुए थे। इस दौरान बहुत से लोग सीएम फ्लाइंग टीम के सामने पेश हो गए और बताया कि जहां अपनी प्रॉपर्टी आईडी और हाउस टैक्स को लेकर वह धक्के खा-खाकर थक चुके हैं। अपना काम करवाने के लिए धक्के खा रहे बुजुर्ग धनीराम ने बताया कि वह अपना हाउस टैक्स पहले ही भर चुका है।







