करनाल (एकता): हरियाणा में देश की पहली सीएससी उड़ान एकेडमी खुलने जा रही है। मीडिया सूत्रों के अनुसार यह एकेडमी करनाल जिले में स्थापित की जाएगी। केंद्रीय इलेक्ट्रानिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की संस्था सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया की ओर से देश में 5.75 लाख कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) स्थापित हैं, जिससे शिक्षा, कृषि, बैंकिंग, बीमा, स्वास्थ्य और ई-मोबिलिटी आदि करीब 400 सेवाएं जुड़ी हुईं हैं। अब ड्रोन के बढ़ते उपयोग को देखते हुए युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। बता दें कि अब घरौंडा की एक शिक्षण संस्था के साथ मिलकर यह एकेडमी करनाल में खोलेगी। इस एकेडमी का सीधा लाभ हरियाणा के बेरोजगार युवाओं को मिलेगा। ये एकेडमी आरपीआईआईटी के भवन में खोले जा रही है।
आरपीआईआईटी में स्थापित होगी ड्रोन एकेडमी
बसताड़ा में एकेडमी के लिए पर्याप्त भूमि है, जिसमें करीब ढाई एकड़ का फ्लाइंग जोन है। शुक्रवार को महानिदेशक द्वारा यहां का दौरा किया जाएगा। जिसके बाद एकेडमी की तैयारी शुरू की जाएगी। बता दें कि एकेडमी में हर साल करीब 1000 से 1500 युवाओं को ड्रोन की ट्रेनिंग दी जाएगी।







