अंबाला (अंकुर कपूर): हरियाणा सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया है। बता दें कि 11 आईएएस और एक एचसीएस अधिकारी के तबादले से हड़कंप मचा हुआ है। मीडिया सूत्रों के अनुसार अंबाला और नूंह के डीसी भी बदले गए हैं। बता दें कि अब डॉ. शालीन के पास हरियाणा भूमि सुधार एवं विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का भी अतिरिक्त कार्यभार रहेगा। प्रशांत पंवार को मेवात का डीसी नियुक्त किया गया। वरिष्ठ आईएएस संजय जून को वित्त विभाग में सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ए श्रीनिवास को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ ही हरको का एमडी बनाया गया। आईएएस डीके बेहरा को स्वास्थ्य विभाग का सचिव और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, हरियाणा का मिशन निदेशक का मुख्य कार्यकारी अधिकारी लगाया गया है। यशपाल को शहरी स्थानीय निकाय विभाग का निदेशक एवं विशेष सचिव और राज्य शहरी आजीविका मिशन एवं स्टेट अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी, हरियाणा का प्रबंध निदेशक और निदेशक, फायर सर्विस हरियाणा का पद सौंपा गया है।
इसके अलावा स्थानांतरित एचसीएस अधिकारियों में महेंद्रगढ़ के जिला नगर आयुक्त अनुराग ढालिया को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा अतिरिक्त जिला उपायुक्त- सह- जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी, महेंद्रगढ़ का कार्यभार संभालने को दिया गया। धीरेंद्र खडगटा को पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव विभाग का विशेष सचिव, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण रोहतक का प्रशासक व शहरी संपदा, रोहतक का अतिरिक्त निदेशक और नगर निगम, रोहतक का आयुक्त और जिला नगर आयुक्त, रोहतक की जिम्मेदारी सौंपी गई।







