पलवल (अंकुर कपूर): पलवल से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां 5 साल पहले 6 लोगों की हत्या करने वाले साइको किलर को कोर्ट ने आखिरकार फांसी की सजा सुना ही दी। जानकारी के मुताबिक 1 जनवरी साल 2018 की रात पलवल में उस समय सनसनी फैली थी, जब 2 घंटे के अंदर नरेश धनखड़ नामक शख्स ने 6 लोगों के सिर पर रॉड मार बेरहमी से हत्या कर दी। चार लोगों को मारने के बाद आरोपी मीनार गेट के पास पहुंचा और यहां उसने एक चौकीदार को मौत के घाट उतार दिया। फिर इसके बाद थोड़ी आगे चलकर एक निजी अस्पताल में घुसकर एक महिला को मौत के घाट उतार दिया।
साइको किलर नरेश धनखड़ वर्ष 1999 में सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर भर्ती हुआ था। वहां पर समय से पहले रिटायरमेंट लेकर वह वर्ष 2016 में कृषि विभाग में एडीओ भर्ती हो गया। बाद में उसका प्रमोशन एसडीओ के पद पर हो गया। नरेश धनखड़ मच्छगर गांव का रहने वाला है। उसकी हरकतों के चलते उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी।
साइको किलर नरेश आदर्श कॉलोनी में अपने ससुराल पहुंचा। उससे अलग अपने पिता के घर पर रह रही पत्नी सीमा और ससुर को मारने के लिए दरवाजा खुलवाने का प्रयास करने लगा। लेकिन दरवाजा नहीं खुला। उसके बाद पड़ोसियों का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया और पड़ोसियों को मारने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस पर भी हमले का प्रयास किया तथा पीसीआर के चालक ने जब उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उस पर भी लोहे की रॉड से हमला कर दिया। लेकिन वह बच गया और कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आखिरकार उस पर काबू पा लिया।
इस दौरान उसे चोट आने पर फरीदाबाद के अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। जहां 2 दिन तक उपचाराधीन रहने के बाद उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। तबसे साइको किलर नरेश जेल में बंद था। मंगलवार को जैसे ही साइको किलर को न्यायाधीश प्रशांत राणा की कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई तो मृतकों के परिजनों के चेहरे खुश हो गए।







