पंचकूला, 09 नवंबर:-क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 पंचकूला की टीम ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को देर रात गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 नवंबर को सेक्टर-16 चौकी में पंचकूला निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 2 नवंबर की रात करीब 9 बजे बुढ़नपुर के पास दो युवकों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-14 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 के इंचार्ज मुकेश सैनी की टीम को गुप्त सूचना मिली, जिस पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों — अभिषेक उर्फ भूत (21 वर्ष, पुत्र सुभाष) और आकाश (20 वर्ष, पुत्र हरिराम), दोनों निवासी इंदिरा कॉलोनी सेक्टर-16, पंचकूला — को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
एसीपी अरविंद कंबोज ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।







