Home Haryana आप काम बताते-बताते थक जाएंगे, मगर मैं काम करते हुए कभी नहीं...

आप काम बताते-बताते थक जाएंगे, मगर मैं काम करते हुए कभी नहीं थकूंगा: अनिल विज

191
0

अम्बाला (अंकुर कपूर): हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि हम विकास की राजनीति करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की राजनीति की दशा व दिशा बदली है। वह कहते हैं कि काम करो और झूठे वायदे व नारे मत करो, विकास करके दिखाओं। “हमने भी अम्बाला में विकास की राजनीति की है, काम करके दिखाया है और हम लोगों की तरह झूठे बैनर नहीं लगाते। हम लोगों की तरह झूठे विज्ञापन नहीं देते, क्योंकि काम अपने आप बोलता है।

विज शनिवार को अंबाला छावनी विधानसभा क्षेत्र में 2.13 करोड़ रुपए की लागत से टुंडला, कलरहेड़ी, बोह व बब्याल में कुल आठ धर्मशालाओं एवं सामुदायिक केंद्रों का उद्घाटन अवसर पर उपस्थित अपार जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जनता से कहा कि विकास कार्यों के लिए पैसे की कमी नहीं है, आप काम बताते हुए थक जाएंगे। मगर मैं काम करते हुए कभी नहीं थकूंगा। गृह मंत्री अनिल विज ने टुंडला में तीन, बोह व बब्याल में दो-दो और कलरहेड़ी में एक धर्मशाला एवं सामुदायिक केंद्रों का उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि जनता की मांग पर यह धर्मशालाएं बनाई गई है ताकि लोग अपने सामाजिक कार्य कर सकें। यहां बैठकर काम कर सकें, ब्याह-शादी व सामाजिक कार्य कर सकें। उन्होंने कहा कि टुंडला, बोह व अन्य क्षेत्र पहले उनकी विधानसभा में नहीं थे, मगर जब यह क्षेत्र उनके हलके में आए उन्होंने लोगों की मांग पर कई विकास कार्य इन क्षेत्रों में करवाए। इस अवसर पर गृह मंत्री अनिल विज ने टुंडला में महिलाओं की मांग पर यहां सुंदर पार्क बनाकर देने की तत्काल मंजूरी प्रदान करते हुए कहा कि “जितने पैसे लगेंगे वह लगाए जाएंगे क्योंकि पैसे की कोई कमी नहीं है”।

इतने की लागत से बनी धर्मशालाएं व सामुदायिक केंद्र

धर्मशालाओं में गांव टुंडला में 3, कलरेहड़ी में एक व 2-2 धर्मशालाएं बोह व बब्याल में शामिल हैं। टुंडला में 8 लाख रूपये की लागत से वाल्मीकि धर्मशाला, 62 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन, 34 लाख रुपए की लागत से रामदासिया धर्मशाला, कलरेहड़ी में 32.50 लाख रुपए की लागत से रामदासिया धर्मशाला, बोह में 20 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक केन्द्र, 15 लाख रुपए की लागत से रविदास मोहल्ला में धर्मशाला का, गांव बब्याल में 31.50 लाख रुपए की लागत से कश्यप धर्मशाला का व गांव बब्याल में ही 10 लाख रूपये की लागत से अम्बेडकर भवन का उदघाटन कर सौगात दी गई है।

कांग्रेस पार्टी अभी भी अपने आप को अंग्रेजों का गुलाम मानती है

राहुल गांधी के कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में दिए गए बयान के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुझको ऐसा लगता है कि कांग्रेस पार्टी अभी भी अपने आप को अंग्रेजों का गुलाम मानती है। इसलिए अपनी तकलीफ बताने के लिए वह अंग्रेजों के देश इंग्लैंड में जाकर अपनी बात बता रहे हैं, इससे देश की बदनामी होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here