अंबाला (अंकुर कपूर): अंबाला के उपायुक्त कार्यालय में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता निर्मल सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पंचकूला में सरपंचों पर हुई लाठीचार्ज को लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए गए। जिसके चलते शुक्रवार को भाजपा व जजपा सरकार का पुतला दहन किया गया। कार्यकर्ता में भाजपा-जजपा सरकार के खिलाफ भारी रोष देखने को मिला। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेता निर्मल सिंह ने सरपंचों पर लाठीचार्ज की निंदा की। साथ ही ई-टेंडरिंग का फैसले तुरंत वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि अपना हक मांगने गए सरपंचों पर किए गए लाठीचार्ज की पूर्व मंत्री निर्मल सिंह ने कड़े शब्दों में निंदा की है।
निर्मल सिंह ने कहा कि सरपंच जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि है और सरकार ने सरपंचों पर नहीं, उन्हें चुनने वाली जनता पर लाठियां बरसाने का काम किया है। इसे प्रदेश की जनता भूलने वाली नहीं और प्रदेश सरकार को इसका आने वाले समय मे खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को ग्रामीण विकास की कोई परवाह नहीं है। पहले सरकार ने दो साल तक पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लटकाये रखा और अब जब चुनाव हुए तो उसके बाद सरकार जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के हक छीनने में लगी हुई है।
सरपंचों पर पहले ई-टेंडरिंग जैसे तानाशाही आदेश थोंपे गए और जब सरपंचों ने इसके खिलाफ आवाज उठाई तो उन्हें राइट-टू-रिकॉल का डर दिखाया गया। निर्मल सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा ग्रामीण विकास की न होकर अपने चहेतो की तिजोरियां भरने की है। सरपंच पिछले काफी समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार हठधर्मिता छोडऩे को तैयार नहीं है।
अब जब सरपंच सरकार के मुखिया को जगाने के लिए पहुंचे तो उन पर लाठीचार्ज किया गया। पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को डंडे के दम पर दबाना चाहती है। कुछ दिन पूर्व शिक्षकों पर भी सरकार ने इसी तरह लाठियां चलवाई थी। निर्मल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की कथनी और करनी को प्रदेश की जनता भली-भांति जान चुकी है। आज प्रदेश का हर वर्ग अपने हकों को लेकर सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर रहा है।







