गुरुग्राम (एकता): हरियाणा के गुरुग्राम में 40 लाख की लग्जरी कार में G20 सम्मेलन के लिए आए व्यक्ति ने शर्मनाक करतूत की थी। जिसके चलते पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फूलों के गमले चुरा कर गाड़ी में ले गया। गिरफ्तार आरोपी गुरुग्राम के गांधी नगर का रहने वाला है। आरोपी की गिरफ्तारी गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए हुई। जब पुलिस ने उसे पूछा कि उसने गमले क्यों चुराए तो उसने कहा कि गमले बहुत अच्छे लग रहे थे।
पुलिस ने कार और चोरी किए गमलों को भी बरामद कर लिया है। हालांकि कुछ उसे प्रॉपर्टी डीलर भी बता रहे हैं। लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। इस मामले को लोगों ने जमकर ट्रोल किया। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को गुरुग्राम के शंकर चौक का एक वीडियो सामने आया। इसमें 2 लोग कार में आए और शंकर चौक से फूलों के गमले चोरी से डिक्की में रखकर ले गए। यह फूल वाले गमले गुरुग्राम में 1 से 3 मार्च तक G-20 देशों के सम्मेलन से पहले सजावट के लिए लाए गए थे।







