अंबाला (अंकुर कपूर): हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि bu ऐसे टेलर मास्टर है जो सिले हुए कपड़ों को सीते हैं। देश तो पहले ही सारा जुड़ा हुआ है, वह टहलने के लिए पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण घूमते रहे’’। विज सोमवार को मीडियाकर्मियों द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा फिर से भारत जोड़ो यात्रा करने के सवाल का जवाब दे रहे थे।
गांधी ने ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अडानी को लेकर ‘मुदानी’ लिखा है। उनके सवाल के जवाब में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि ‘‘राहुल गांधी जी को अदानिया बुखार हो गया है और इसलिए वह सारा दिन यही राग अलापते रहते हैं’’। जनता ने कांग्रेस को शिकस्त देकर एवं इनकी नीतियों को रिजेक्ट कर घर बिठा दिया है।
राहुल ने कहा था कि हम अपने सत्याग्रह से भाजपा के सत्ताग्रह को हरा देंगे। उनके संबंध में प्रतिक्रया देते हुए उन्होंने कहा कि अगर 1947 के बाद जब महात्मा गांधी जी ने कहा था कांग्रेस को समाप्त कर देना चाहिए तो इन्हें इसे समाप्त कर देना चाहिए था। शराब घोटाले मामले में आप नेता मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी मामले के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि ‘‘सीबीआई देश की सर्वाेच्चय जांच एजेंसी है और यदि सीबीआई ने उन्हें (मनीश सिसोदिया) अंदर किया है तो सीबीआई के पास अवश्य तथ्य होंगे’’।
उन्होंने कहा कि ‘‘बेवजह सिसोदिया को जेल के अंदर करके सीबीआई उन्हें हीरो नहीं बनाएगी और समय आने पर ही तथ्य बताए जाएंगे’’। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को देश की किसी भी व्यवस्था पर विश्वास नहीं है, सत्ता में आने से पहले यह बड़ी-बड़ी बातें करते थे, किसी पर आरोप लगते थे तो यह कहते थे कि बिना जांच के उसे हटा देना चाहिए।
सिसोदिया को कोर्ट में अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा
भाजपा पर इस मामले को लेकर आरोप लगाने वाले अरविंद केजरीवाल पर पलटवार करते हुए अनिल विज ने कहा कि ‘‘केजरीवाल एक प्रदेश के मुख्यमंत्री है उनको यह फैसले करने का अधिकार नहीं है। सिसोदिया को कोर्ट में पेश किया जाएगा और उन्हें अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह ठीक है या गलत इसका फैसला अब कोर्ट करेगी।
आप पार्टी पंजाब में सिद्धू मुसेवाला हत्या मामले के आरोपियों की हत्या के मामले में नहीं बोलती
पंजाब में सिद्धू मूसेवाला हत्या मामले के आरोपियों की जेल में हत्या मामले में पूछे गए सवाल के जवाब में गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि ‘‘आम आदमी पार्टी इस मामले पर नहीं बोलती, इसके लिए वह कोई धरना-प्रदर्शन नहीं कर रहे। इन्होंने सत्ता में आते ही लोगों को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे, मगर जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है, लगता तो यही है कि किसी योजना व साजिश के तहत यह सब हो रहा है’’।







