चंडीगढ़ (एकता): धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। बता दें कि आईआरसीटीसी नेपाल आस्था ट्रेन चला रही है। वह श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों की सैर करवाने जा रही है। अब श्रद्धालु नेपाल के काठमांडू में स्थित सबसे प्रसिद्ध व प्रख्यात पशुपतिनाथ मंदिर के भी दर्शन कर पाएंगे। इतना ही नहीं श्रद्धालुओं को पशुपति नाथ मंदिर के साथ-साथ अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज में भी दर्शन के लिए ले जाया जाएगा। 31 मार्च को जालंधर सिटी से भारत नेपाल आस्था ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
आईआरसीटीसी चंडीगढ़ के पर्यटन प्रवक्ता शुभम आर्य यात्रियों को सफर करवा रहे हैं। हर श्रद्धालु को किराए के तौर पर 27 हजार 815 रुपए खर्च करने होंगे। यह सफर 9 दिन और 10 रात का होगा। लोगों के खाने-पीने, रहने की सुविधा भी इसमें ही होगी। होटल की भी निशुल्क सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा ट्रेन में सफर के दौरान सुरक्षा व सहायता के लिए भी कर्मचारी तैनात रहेंगे। भारत नेपाल आस्था ट्रेन की शुरुआत जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन से की जाएगी। ट्रेन का ठहराव लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, पानीपत, दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, इटावा व कानपुर रेलवे स्टेशनों पर होगा।
यात्रियों को इन मंदिरों के होंगे दर्शन
यात्रियों को राम जन्म भूमि मंदिर, हनुमान गढ़ी, सरयुघाट व नंदीग्राम के दर्शन करवाए जाएंगे। ट्रेन सबसे पहले अयोध्या रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। उसके बाद नेपाल के काठमांडू जाएगी। यहां पशुपतिनाथ मंदिर, दरबार स्कवायर और स्वयंभूनाथ स्तूपा के दर्शन होंगे। ऐसे-ऐसे करते वह सभी मंदिरों के दर्शन कर पाएंगे। ट्रेन 9 अप्रैल को इटावा होते हुए जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर ही यात्रियों को लेकर जाएगी।







