हांसी। न्यू सुभाष नगर में तीन बच्चों की मां रचना की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके लिव-इन पार्टनर चांदी उर्फ लम्बु को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों काफी समय से साथ रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी रचना से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला के इनकार के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस अब हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर को थाना शहर हांसी में महिला की हत्या, उसकी बेटी को गंभीर रूप से घायल करने और नाबालिग बेटे को साथ ले जाने के संबंध में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए CIA-2 हांसी की टीम ने जांच शुरू की और आरोपी को रोहतक के निंदाना गांव स्थित उसकी बहन के घर से गिरफ्तार कर लिया।
न्यू सुभाष कॉलोनी में करीब 40 वर्षीय रचना का शव उसके कमरे से बरामद हुआ था। कमरे से दुर्गंध आने पर परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद ताला तोड़कर अंदर देखा गया तो रचना मृत अवस्था में मिली। महिला के सिर पर चोट के निशान पाए गए थे। पुलिस के अनुसार, शव करीब 48 से 72 घंटे तक बंद कमरे में पड़ा रहने के कारण खराब हो चुका था।
घटना के दौरान रचना की बेटी अंजली भी कमरे में घायल और बेहोशी की हालत में मिली थी। उसे उपचार के लिए हिसार के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, महिला का नाबालिग बेटा घटना के बाद से गायब था, जिसे पुलिस ने बाद में बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में रचना के पारिवारिक हालात की भी जानकारी सामने आई है। वह अपने पति सोनू से अलग रह रही थी और उसके दो बेटियां तथा एक बेटा है। इसी दौरान चांदी के साथ उसके लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की बात सामने आई। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि चांदी रचना पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था और उसके इनकार करने के बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।
डीएसपी अक्षय कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। महिला की मौत के वास्तविक कारण और वारदात की पूरी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगी।







