बाढड़ा (अंकुर कपूर): हरियाणा के बाढड़ा उपमंडल के गांव गोपी में रविवार को सुबह एक मकान आग की भेंट चढ़ गया। जिससे लाखों के सामान सहित आंखों के सामने जमापूंजी जलकर राख हो गई। जानकारी के मुताबिक आग शाॅर्ट-सर्किट से लगी। आग के कारण लाखों का घरेलू सामान व 60 हजार रुपए की नकदी जलकर राख हो गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची। प्रशासन से आर्थिक मुआवजे की मांग की है।

जानिए पूरा मामला
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गोपी निवासी किसान अनिल का परिवार बाहर के कमरे में सो रहा था। रविवार सुबह शाॅर्ट-सर्किट के कारण अंदर के कमरे में आग लग गई। जलने की स्मैल आने पर जब परिवार के सदस्य उठे तो आग काफी भड़क चुकी थी। उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग फर्नीचर की बनी छत तक फैल चुकी थी और उस पर काबू नहीं पाया जा सका।

जिसके बाद सूचना मिलने पर डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीमे मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग की इस घटना में कमरे में रखा फ्रीज, अलमारी, सोफा, ड्रेसिंग, संदूक, बॉक्स, मिक्सी आदि समान जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में बॉक्स मंय रखी 60 हजार रुपये की नकदी और जेवरात भी जल गए हैं। इसके अलावा किसान अनिल का मकान भी कंडम हो गया और उसने प्रशासन से आग की इस घटना में हुए नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।







