फरीदाबाद (अंकुर कपूर): फरीदाबाद के गांव गढ़ खेड़ा में जमानत पर बाहर आए बदमाश और उसके साथियों को घर के बाहर शराब पीने से मना करना चाचा-भतीजे को भारी पड़ गया। बदमाशों ने इसी से नाराज होकर दोनों को गोली मार दी फिलहाल गोली लगने के बाद उनकी हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार देर रात जमानत पर आए बदमाश और उसके कुछ साथी गांव गड़खेड़ा में घायल चाचा-भतीजे के घर के बाहर खुलेआम शराब और बियर की बोतल न केवल पी रहे थे, बल्कि बोतलों को लेकर घूम रहे थे। ऐसा करने पर चाचा-भतीजे ने उन्हें घर के बाहर नशा ना करने के लिए कहते हुए उन्हें घर के बाहर से चले जाने के लिए कहा। बस इसी बात से खफा होकर अगले दिन यानी आज सुबह लगभग 11:30 जमानत पर आए बदमाश सतपाल और उसके दोस्त भोला ने किसी काम से बाइक पर घर से निकले चाचा भतीजे को गांव गढ़ खेड़ा और दयालपुर के रास्ते में घेर लिया।
बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। इस घटना में चाचा राजवीर और भतीजे विनीत को गोली लगी है। इस मामले में पुलिस के मुताबिक उन्हें 2 लोगों को गोली मारने घटना के बारे में कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर घटनास्थल पर पहुंचे तो दोनों घायलों को अस्पताल में भेजा जा चुका था। फिलहाल इस मामले में नियमानुसार एफ आई आर दर्ज की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







