फतेहाबाद (अंकुर कपूर): फतेहाबाद जिला के रतिया कस्बे में नवविवाहिता की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। बता दें कि मृतका शीनम उर्फ सिमरन की 6 महीने पहले ही शादी हुई थी। जानकारी के मुताबिक लुधियाना से आए विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया। उनका कहना है कि दहेज के लिए उन्होंने हमारी बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है, जबकि बाकी लोग फरार बताए जा रहे हैं।
मृतका की बहन मनीषा ने बताया कि लुधियाना निवासी 27 वर्षीय शीनम उर्फ सिमरन की शादी 28 अगस्त 2022 को रतिया निवासी नितिन मोदी के साथ हुई थी। मनीषा ने कहा कि कुछ दिन पहले ही शीनम ने फोन पर साढ़े 8 बजे बात कर उसे बताया कि उसकी सास उसे बहुत टॉर्चर करती है। लोहड़ी के पर्व पर उसे सामान न देने पर भी परेशान किया गया। 2 महीने पहले शीनू की मां का देहांत हो गया और फिर ससुराल पक्ष के लोग ने तंग ना करने की बात कहते हुए पंचायत करके शीनू को ले आए, लेकिन फिर भी लगातार शीनू को तंग किया गया और अब उसे मार दिया गया है।
डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने घटना के बारे में कहा कि रतिया की नहर कॉलोनी में महिला की मौत के बारे में सूचना अस्पताल से मिली थी जिस पर मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया गया है। मृतका शीनम लुधियाना की रहने वाली थी और उसके मायके पक्ष को इसकी सूचना भेजी गई थी। मौके पर मृतका शीनम के मायके पक्ष के लोग आए हैं और इनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जो भी कानूनी कार्रवाई नियमानुसार बनेगी वह की जाएगी।







