पानीपत (अंकुर कपूर): पानीपत जिले में केंद्रीय विद्यालय टीजीटी भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा में पेपर सॉल्व करवाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। बता दें कि पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर वारेंद्र व उनकी टीम ने सरगना सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मीडिया सूत्रों के अनुसार होटल के कमरे से आरोपियों को काबू किया गया।
आरोपियों की पहचान मनबीर थींग पुत्र बलविंद्र निवासी सुरजन सिंह अमृतसर पंजाब, कपिल पुत्र अजमेर सिंह निवासी खांडा खेड़ी हिसार, हरिकेश पुत्र रामफल निवासी उमरा हांसी हिसार, आनंद पुत्र शीशपाल निवासी सिवानी भिवानी व प्रदीप पुत्र मूलचंद निवासी चुल्लीकला हिसार के रूप में हुई। सरगना सहित पांच आरोपी काबू, 17 लेपटॉप, 10 चार्जर, दो माउस, 6 मोबाइल फोन, एक मोबाइल चार्जर व एक बिजली का एक्सटेंसन बोर्ड व एक सफारी गाड़ी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी मनबीर थींग पंजाब में लैब का काम देखता था।
आरोपी कपिल हरियाणा में केंडिडेट व सॉल्वर को तैयार करता था। आरोपी लैब में होने वाले ऑनलाइन एगजाम को अवैध रिमोट एक्सेस लेकर पेपर पास करवा रहे थे। आरोपी कपिल रेलवे में कलर्क के पद पर तैनात है और वर्तमान में जीन्द में ड्यूटीरत था। वर्ष 2020 में आयोजित हुई पीटीआई की परीक्षा में भी आरोपी कपिल केंडिटेड की सिटींग करवाते हुए पकड़ा जा चुका है। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ हिसार में मुकदमा दर्ज है। आरोपी कपिल उक्त मामले में मार्च 2021 में जेल से बेल पर बाहर आया था।







