गुरुग्राम। । रात जिमखाना क्लब के पास हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज टक्कर के कारण स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कार का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान सेक्टर-9ए निवासी चेतन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चेतन रात करीब 9 बजे स्कूटी से अपने घर की ओर जा रहा था। जिमखाना क्लब सेक्टर-9 के पास वह सड़क पर स्कूटी मोड़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही ब्रेजा कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि चेतन और कार चालक मुकेश दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने दोनों को उपचार के लिए आरजे अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान चेतन ने दम तोड़ दिया। वहीं कार चालक मुकेश की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-9 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शव का पोस्टमार्टम वीरवार को कराया जाएगा। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।







