भिवानी (एकता): हरियाणा के भिवानी जिले की अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा जल्द ही परिणय सूत्र में बंधने जा रही है। पूजा बोहरा की लव स्टोरी काफी रोमांटिक है। फेसबुक के जरिए हुई उनकी दोस्ती तब प्यार में बदल गई पता नहीं लगा। अब वह शादी कर रहे हैं। खास बात यह है कि पूजा बोहरा की शादी बिना किसी दहेज से होगी। उनकी शादी 22 फरवरी को जींद जिले के गांव बड़छप्पर निवासी आकाश के साथ तय हुई है। आकाश एक यूनाइटेड इंडियन इंश्योरेंस में प्रशासनिक अधिकारी हैं। वहीं दूसरी तरफ उनकी शादी को लेकर दोनों परिवार काफी खुश हैं और दोनों कपल भी शॉपिंग में जुटे हुए हैं। पूजा खुद भी इन दिनों आबकारी एवं कराधान विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं।

ऐसे शुरू हुई पूजा बोहरा की लव स्टोरी
बता दें कि 19 अगस्त 2019 को फेसबुक पर पूजा बोहरा को एक मैसेज आया। इसके बाद दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई फिर वही प्यार में कब बदली पता ही नहीं चला। साल 2020 में उन्होंने अपने घरवालों से बातचीत की। इसके बाद आकाश को उसके परिजनों ने पसंद किया। दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी हो गए। पूजा ने यह भी बताया कि पहले आकाश ने अपने प्यार का इजहार किया था। दोनों ने मंगलवार को वेलेंटाइन डे पर भी सेलिब्रेट किया।

कई पदक जीत चुकी हैं मुक्केबाज पूजा बोहरा
हरियाणा सरकार के भीम अवॉर्ड से सम्मानित महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा ने अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई दर्जन पदक जीते हैं। पूजा ने 2010 में गोवा में हुई जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में रजत पदक, 2012 में गुवाहाटी में हुई सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, 2013 में एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक, 2013 में एशियन गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया। इस दौरान 2019 में बैंकॉक में हुई एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, 2021 में दुबई में हुई एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और वर्ष 2021 टोक्यो ओलंपिक में प्रतिनिधित्व किया।








