फरीदाबाद (अंकुर कपूर): फरीदाबाद में एक हैरानीजनक घटना सामने आई है, जहां बैंक ने युवक को लोन देने से मना किया तो गुस्से में आकर उसने बैंक में ही सेंध लगा दी। बता दें कि आरोपी एक सरकारी मोबाइल फोन बैंक से चुराकर फरार हो गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच 56 ने बैंक में सेंधमारी करके लूट का प्रयास करने वाले आरोपी को सीसीटीवी की मदद से गिरफ्तार कर लिया। चोरी की पूरी वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम रोबिन है जो फरीदाबाद के सिलाखरी गांव का रहने वाला है। दिनांक 21 जनवरी को धौज थाने में चोरी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें आरोपी ने ग्रामीण बैंक में सेंधमारी करके पैसे लूटने का प्रयास किया था। लेकिन पैसे नहीं मिले तो आरोपी ने मोबाइल चोरी कर लिया। क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूत्रों की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को पैसों की आवश्यकता थी, इसलिए आरोपी तीन-चार दिन पहले बैंक में लोन लेने के लिए गया था।
बैंक बंद होने के बाद रात के समय आरोपी आरी पेचकस लेकर बैंक के पास पहुंचा और बैंक में जंगला आरी से काटकर बैंक के अंदर घुस गया। इसके पश्चात आरोपी ने वहां पर अलमारी और दराज खंगाल मारे परंतु उसे पैसे नहीं मिले क्योंकि पैसे बैंक के चेंबर में रखे जाते हैं जिसके बारे में आरोपी को नहीं पता था। आरोपी ने स्ट्रांग रूम का ताला खोलने की कोशिश की परंतु वह उसमें भी सफल नहीं हो पाया। थक हारकर आरोपी ने मैनेजर के ऑफिस से सरकारी मोबाइल चुराया और फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से आरी पेचकस और चोरी का मोबाइल बरामद किया गए हैं।







