Home Crime कमांडो काजल हत्याकांड में बड़ा खुलासा: पति के कई राजों का डर...

कमांडो काजल हत्याकांड में बड़ा खुलासा: पति के कई राजों का डर बना हत्या की वजह

17
0

गन्नौर। दिल्ली पुलिस में तैनात बड़ी गांव की कमांडो काजल हत्याकांड में नए खुलासे सामने आए हैं। काजल के परिवार का आरोप है कि उसके पति अंकुर को अपने अवैध कार्यों और गुप्त राजों के उजागर होने का डर था, जिसके चलते उसने काजल की हत्या कर दी।

परिवार ने बताया कि हत्या वाली रात पति-पत्नी के बीच गंभीर विवाद हुआ था। काजल ने उस रात अपने भाई निखिल को फोन कर अपनी चिंताओं और परेशानियों से अवगत कराया। निखिल ने कहा कि 22 जनवरी की रात काजल भावुक थी और उसने करियर, कर्ज, आर्थिक दबाव, पारिवारिक जिम्मेदारियों और ससुराल में चल रहे तनाव के बारे में विस्तार से बात की। उसने बताया कि शादी से पहले लिया गया 10 लाख रुपये का लोन और अन्य वित्तीय जिम्मेदारियों के चलते वह दबाव में थी।

पति के कई राज जानती थी काजल

काजल के भाई निखिल का कहना है कि काजल अपने पति अंकुर के कई गुप्त राजों को जानती थी। वह अक्सर मजाक में कह देती थी कि “मेरठ कांड तो बच गए, लेकिन अगर राज उजागर हुए तो मुश्किल हो जाएगी।” काजल की मां मीना ने बताया कि अंकुर और उसका एक साथी रुड़की में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर केंद्र चला रहे थे, जिस पर पेपर लीक और एक व्यक्ति की मौत का आरोप लगा। परिवार का मानना है कि इन बातों से अंकुर डर गया और इसी डर के चलते उसने काजल को डंबल मारकर हत्या कर दी।

ससुराल में मानसिक प्रताड़ना

काजल ने कॉलेज के मित्र अंकुर से प्रेम विवाह किया था, लेकिन ससुराल पक्ष उसे पसंद नहीं करता था। परिवार ने बताया कि रंग-रूप और निजी कारणों को लेकर काजल को ताने मारे जाते थे। आरोप है कि ससुर ओमप्रकाश और ननद ने भी काजल को मानसिक रूप से परेशान किया और अंकुर की दूसरी शादी कराने की धमकी तक दी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here