अंबाला (एकता): गृह मंत्री अनिल विज व पुलिस अधीक्षक अंबाला के आदेश पर चलाए गए सर्च अभियान में पुलिस ने अवैध हथियारों और जिंदा कारतूस के साथ 2 व्यक्तियों को काबू किया है। बता दें कि युवकों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से दो रिवाल्वर व 6 राऊंड कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस की टीम जगाधरी रोड स्थित सुभाष पार्क के पास गश्त पर तैनात थी। इस दौरान एक युवक महेश नगर की तरफ से पैदल आ रहा था, जो पुलिस को देख वापस मुड़कर भागने लगा। पुलिस ने शक होने पर तुरंत युवक को काबू कर लिया।
युवक ने अपनी पहचान नितिन माकन उर्फ पोम्पी वासी गांव बब्याल बताया। युवक की तलाशी लेने पर बाई डब से 315 बोर एक देसी कट्टा और एक जिंदा रौंद बरामद हुआ। अंबाला कैंट थाना प्रभारी नरेश कुमार का कहना है कि इस सर्च अभियान के तहत उन्होंने प्रिंस उर्फ पम्मा व नीटू उर्फ माकन को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तलाशी में इनके कब्जे से एक 32 बोर की पिस्टल और पांच कारतूस व 315 बोर का देसी कट्टा और एक राउंड बरामद किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और यह अमन बांड ग्रुप से संबंधित हैं। एसएचओ नरेश कुमार का कहना है कि प्रिंस उर्फ पम्मा तेली मंडी का निवासी है, जिसके खिलाफ पहले भी हत्या, एनडीपीसी एक्ट, लड़ाई-झगड़े सहित आर्म एक्ट के मामले दर्ज हैं। उनका कहना है कि दोनों ही लंबे समय से अपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। सोमवार को अदालत में पेश करके इनका पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।







