लाडवा/कुरुक्षेत्र : चन्द्रिका ( TSN)-आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने शुक्रवार को लाडवा विधानसभा के गांव एवं वार्ड में चुनावी यात्रा शुरू की। इस मौके पर विधायक मेवा सिंह, पूर्व विधायक रमेश गुप्ता, अमरीक सिंह, नायब सिंह, अमन गुप्ता, , डॉ. मनीष यादव, हरप्रीत चीमा, गुरदेव सुरा, जगदीप कौर, गुलशन शर्मा, सुभाष, गुरप्रीत सैनी और संदीप वाल्मीकि मौजूद रहे।
बीजेपी उम्मीदवार नवीन जिंदल पर साधा निशाना
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि लोग सोच रहे हैं कि एक दूसरे का विरोध करने वाली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन कैसे हुआ। यह गठबंधन भारत का संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए बना है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा को इंडिया शब्द से डर लगने लगा है और स्टार्ट अप इंडिया, मेक इन इंडिया, खेलो इंडिया का नारा देने वाली भाजपा हर जगह से इंडिया शब्द को हटाने पर लगी हुई है। लेकिन भाजपा जो मर्जी करले जीतेगा तो इंडिया ही। उन्होंने कहा कि आज तक जीतने भी चुनाव हुए उसमें भाजपा के 30-35% से ज्यादा वोट कभी नहीं आए। लेकिन विपक्ष बिखरा हुआ होता था इसलिए भाजपा जीत जाती थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा और कुरुक्षेत्र में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा की जमानत जब्त कराने में लगे हैं। 10 साल से हरियाणा और केंद्र में सरकार होने के बावजूद भाजपा को कुरुक्षेत्र से लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं मिला। भाजपा ने सोशल मीडिया पर कपड़े के थान की तरह उम्मीदवार बदले। जब कोई नहीं मिला तो नवीन जिंदल को लेकर आए। उन्होंने कहा कि नवीन जिंदल 10 साल कुरुक्षेत्र से सांसद रहने के बावजूद कभी भी किसी के दुख सुख में शामिल नहीं हुए ।







