रोहतक (अंकुर कपूर): रोहतक में डबल मर्डर से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। सूत्रों के अनुसार जहां बोहर गांव में बाप-बेटी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। पिता का शव पशुओं के लिए बनाए गए कमरे में मिला, जबकि 13 वर्षीय बेटी का शव दूसरे कमरे में पड़ा मिला। सूचना पर अर्बन स्टेट थाना पुलिस व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। रोहतक के एसपी उदय सिंह मीणा ने भी मौके का मुआयना किया। उनका कहना है कि हत्या किसी रंजिश को लेकर हो सकती है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस कार्रवाई करने में जुटी हुई है।

गांव के लोगों ने बताया कि वारदात बुधवार सुबह की है। मृतक व्यक्ति खेतीबाड़ी करता था। जिसके परिवार में सुरेंद्र और उसकी बेटी-बेटा और मां रहती थी। किसी के साथ कोई रंजिश भी नहीं थी। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे।
पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया है। एसपी रोहतक उदय मीना ने मौके पर जा कर जायजा लिया। निकिता को तीन गोलियां मारी गई है, जबकि सुरेंद्र की दो गोली। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र तथा उनकी पत्नी का विवाद चल रहा था। जिसके चलते अदालत में सुनवाई भी जारी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतक पुलिस अधीक्षक उदय सिंह मीणा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच करने में जुटी हुई है। एसपी उदय सिंह मीणा ने कहा कि सुरेंद्र व उसकी पत्नी का घरेलू कलह के चलते आपसी विवाद चल रहा था। इस पहलू को ध्यान में रखते हुए भी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।







