फरीदाबाद (अंकुर कपूर): ग्रेटर फरीदाबाद में स्थित ओमैक्स की वर्ल्ड स्ट्रीट की एक दुकान के अंदर गैस से भरा गुब्बारा फट गया। इससे अफरातफरी का माहौल बन गया। धमाका ऐसा हुआ जैसे कोई बम फटा हो। गुब्बारा फटने से कई स्थानीय बिल्डिंगों के शीशे टूट गए और कई लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक दुकान में वैल्डिंग का काम किया जा रहा था तथा वहीं प्रचार के लिए लगाया गया गुब्बारा भी रखा हुआ था जिसमें गैस थी।

बताया जा रहा है कि वैल्डिंग की चिंगारी उक्त गुब्बारे तक पहुंच गई और अचानक तेज धमाका हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना जबरदस्त था कि बिल्डिंग के शीशे भी टूट गए तथा साथ लगती बिल्डिंग सहित आसपास की बिल्डिंगों के कांच व आसपास खड़ी कई कारों के शीशे चकनाचूर हो गए, जबकि शीशे टूटकर कई लोगों के लगने से कुछ लोग घायल हो गए। हालांकि घायलों की संख्या कितनी रही, इसकी पुष्टि अभी नहीं की गई है। वहीं इस संदर्भ में ओमैक्स वर्ल्ड स्ट्रीट के प्रबंधकों से बात करने का प्रयास किया गया परंतु उनसे संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।








