पानीपत (अंकुर कपूर): हरियाणा में आए दिन तेज रफ्तार का कहर देखने को मिल रहा है। इन सड़क हादसों में कई लोगों के घरों के चिराग और कई बच्चों के मां-बाप बिछड़ रहे हैं। ऐसा ही एक भीषण सड़क हादसा पानीपत में रविवार को हुआ, जिसमें एक दंपति को खौफनाक मौत मिली। बता दें कि हादसा इतना भयानक था कि दंपति समेत बाइक ट्रैक्टर के नीचे जा घुसी। जिससे ट्रॉली में लदा गन्ना भी काफी मात्रा में बाइक सवार पति-पत्नी के ऊपर आ गिरा।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आनन-फानन में बचाव कार्य शुरू कर लोगों ने किसी तरह बाइक सवार दोनों को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत नजदीकी एक अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को सिविल अस्पताल भिजवाया। जहां उनका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव डाडौला के रहने वाला अंकुश (26) बाइक पर सवार होकर अपनी पत्नी दीपा(25) की HTEH की परीक्षा दिलवाने गया था। परीक्षा के बाद दोनों वापिस गांव के लिए रवाना हुए। जब वे गांव डाडौला के नजदीक बाइपास के नीचे पहुंचे, तो सामने से छाजपुर गांव की ओर से एक ट्रैक्टर आ रहा था। वहां T-Point पर ट्रैक्टर ने सामने से बाइक को साइड में टक्कर मार दी।
गन्ने से लदी ट्रॉली को लेकर ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार, गफलत, लापरवाही से चला रहा था। बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर के नीचे जा घुसी। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई।परिजनों ने बताया कि अंकुश और दीपा की करीब साढ़े 3 साल पहले शादी हुई थी। दोनों की डेढ साल की बेटी है। वहीं, अंकुश भी परिवार का एकलौता चिराग था। उसकी बड़ी बहन विवाहित है।







