अंबाला (अंकुर कपूर): हत्या के आरोपों में फंसी अंबाला शहर के वार्ड नंबर 14 से पार्षदा रूबी सौदा ने आखिरकार भाजपा का दामन थाम लिया है। गौरतलब है कि लगभग एक वर्ष पहले हत्या के आरोपों में फंसी पार्षदा रूबी सौदा लंबे अरसे तक फरार रही थी। जिसके बाद रूबी सौदा के भाजपा नेताओं के संपर्क में आने की चर्चाएं अंबाला में तेज हो गई थी। जिसके बाद पूरे अंबाला की निगाहें इस बात पर टिकी थी कि पूर्व मंत्री चौधरी निर्मल सिंह की पार्टी से जीत कर आई पार्षदा कब भाजपा में शामिल होंगी। आज सभी तरह की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए पार्षदा रूबी सौदा ने विधायक असीम गोयल के निवास पर पहुंच कर भाजपा का दामन थामा।
मीडिया से बात करते हुए पार्षदा रूबी सौदा ने बताया कि अपने वार्ड के विकास और इलाके में विधायक असीम गोयल द्वारा करवाएं जा रहे विकास कार्यों एवं पीएम मोदी और सीएम खट्टर की नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। रूबी सौदा को पार्टी में शामिल करने के बाद विधायक ने बताया कि पार्षदा रूबी सौदा के पार्टी में शामिल होने से उनकी पार्टी को बल मिलेगा। वहीं पार्टी में शामिल हुई पार्षदा को लेकर हुए विवादों पर उन्होंने कहा कि जो मामला हुआ था उसमे कानून ने अपना पूरा काम किया है और उन्हें क्लीन चिट भी इस मामले में मिली है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष का तो काम ही हर चीज को उलटे चश्मे से देखना है, जिसका वो स्वागत करते हैं। वहीं मेयर और डिप्टी मेयर को लेकर उन्होंने कहा कि जीत गए तो कभी मस्त नहीं हुए हार गए तो कभी पस्त नहीं हुए। रूबी सौदा के भाजपा में शामिल होने से अब भाजपा के पार्षदों की संख्या 9 पहुंच चुकी है। ऐसे में अब सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव भी दिलचस्प हो गए हैं, क्योंकि हाईकोर्ट के आदेशों के बाद सीनियर मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव 10 दिसंबर से पहले होने की बात कही गई है, जिसमें देखना होगा कि कौन सी पार्टी इन दोनों सीटों पर कब्ज़ा करेगी।







