Home Haryana रोहतक में डॉ. अंबेडकर प्रतिमा खंडन मामला गरमाया, AAP ने सरकार पर...

रोहतक में डॉ. अंबेडकर प्रतिमा खंडन मामला गरमाया, AAP ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

6
0

रोहतक | हरियाणा के रोहतक जिले के गांव खैरड़ी में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित किए जाने का मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि घटना के दो सप्ताह बीत जाने के बावजूद भी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि आरोपियों को कहीं न कहीं संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता सवाल खड़े करती है और सरकार की भूमिका पर भी संदेह पैदा करती है।

उन्होंने कहा कि 8 अप्रैल को खैरड़ी गांव में अंबेडकर प्रतिमा को तोड़कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ढांडा के अनुसार, यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि सरकार की गंभीर लापरवाही का संकेत है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी केवल चुनावी मंचों पर बाबा साहेब का सम्मान दिखाती है, लेकिन वास्तविक घटनाओं में चुप्पी साध लेती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार के लिए संविधान निर्माता का सम्मान केवल औपचारिकता रह गया है।

ढांडा ने कहा कि प्रतिमा तोड़ना केवल एक आपराधिक घटना नहीं बल्कि सामाजिक भावनाओं और संविधान की गरिमा पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस या तो सक्षम नहीं है या फिर दबाव में काम कर रही है।

घटना के बाद से गांव खैरड़ी में ग्रामीण और महिलाएं ‘सद्भावना स्थल’ पर धरने पर बैठी हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा आक्रोश है।

आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। पार्टी ने कहा कि बाबा साहेब का अपमान करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा मामला है और इस पर चुप नहीं बैठा जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here