रेवाड़ी (अंकुर कपूर): हरियाणा में रेवाड़ी के कस्बा धारूहेड़ा में चोरों ने एक ज्वैलर्स की दुकान में सेंध लगाते हुए सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी यह पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। कैमरे में चोर दुकान में रखी तिजोरी को तोड़ते हुए साफ नजर आ रहे है। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, धारूहेड़ा निवासी अमित कुमार सोनी ने मनीराम मार्केट की गली नंबर-3 में G.R ज्वैलर्स के नाम से दुकान की हुई है। रोजाना की तरह वह दुकान बंद कर घर चला गया था। रात करीब ढाई बजे मार्केट के चौकीदार अंतराम ने अमित के पास फोन कर जानकारी दी कि उनकी दुकान में चोरी हो गई है। दुकान के ताले टूटे हुए है।
सूचना के बाद तुरंत अमित अपने परिवार के साथ दुकान पर पहुंचा तो लॉक टूटा हुआ था और दुकान के अंदर सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। अमित ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद रात में ही मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में अमित ने अपनी दुकान में रखी तिजोरी को चैक किया तो उसमें रखी करीब 750 ग्राम चांदी के आभूषण और 10 ग्राम सोने के आभूषण गायब मिले।
CCTV में कैद हुए चोर
अमित ने अपनी दुकान में लगे CCTV कैमरे चैक किए तो उसमें 2 चोर रात के वक्त दुकान के अंदर चोरी करते हुए साफ नजर आए। CCTV में नजर आ रहा है कि पहले चोर ने लॉक तोड़ा और फिर दुकान का शटर खोलकर अंदर प्रवेश कर गए। बाद में चोरों ने दुकान का शटर बंद कर अंदर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों शातिराना तरीके से वारदात को अंजाम दिया, जिससे चौकीदार को भी भनक नहीं लगी। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।







