अंबाला (एकता): हरियाणा में मई महीने में हुई बारिश ने 11 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बारिश से जहां लोगों को राहत मिली वहीं मई महीने में ही ठंड का अहसास होने लगा। मीडिया सूत्रों के अनुसार मई महीने में 52.4 एमएम बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार 29 मई को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ गुजरा। वहीं गुरुवार को सुबह उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली 1 व 2 जून को तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बन रही है।
4 से 6 जून को कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। गौरतलब है कि पिछले 8 दिनों से प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। बुधवार को भी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। सुबह से शाम तक प्रदेश के पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, कैथल, भिवानी में बारिश हुई। जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।







