हरयाणा : चन्द्रिका ( TSN)- मौसम में बदलाव के कारण अब सुबह घने कोहरे की चादर छाने लगी है। लगातार बदल रहे मौसम में लापरवाही भी शरीर पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में चिकित्सकों ने इस मौसम में बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
एसएमओ डॉ. परमार ने दी विशेष हिदायत
रादौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एसएमओ डॉ. विजय परमार ने कहा कि जिस प्रकार मौसम लगातार करवट ले रहा है, इसको लेकर सभी को सजग रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विशेषकर सर्दी के मौसम में बच्चों, बुजुर्गो व किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति को अपने खानपान से लेकर अपनी दिनचर्या में मौसम के अनुसार बदलाव करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस वक्त अस्पताल में ज्यादातर ठंड लगने से संबंधित बीमारियों के मरीज इलाज के लिए आ रहे है। वही उन्होंने कहा कि ऐसे मौसम में अस्थमा के मरीजों को सुबह के समय सैर करने से भी बचना चाहिए। इसके लिए उन्हें दोपहर को धूप के समय में ही सैर करनी चाहिए। कोहरे के साथ साथ अब हलका पाला भी पड़ना शुरू हो गया है। जिससे आगामी दिनों में और अधिक ठंड बढ़ने के आसार है। मौसम में लगातार आ रहे परिवर्तन से तापमान में गिरावट आ रही है।







