Home Faridabad फरीदाबाद में लोगों की अनूठी पहल,कूड़े के पहाड़ को बनाया हरियाली का...

फरीदाबाद में लोगों की अनूठी पहल,कूड़े के पहाड़ को बनाया हरियाली का केंद्र,निजी खर्चे से करवाई फेंसिंग और शुरू की पौधारोपण मुहिम

3
0

फरीदाबाद,अनिल मंगला-:फरीदाबाद की अरावली पहाड़ियों में कभी कूड़े के ढेर और गंदगी के चलते पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा था,लेकिन अब आसपास की कॉलोनियों और गांव के लोगों ने अपनी एकजुटता और इच्छाशक्ति से इस तस्वीर को बदलने की ठान ली है। लोगों ने किसी सरकारी मदद का इंतजार किए बिना अपनी जेब से पैसे इकट्ठा किए और अरावली क्षेत्र की फेंसिंग करवाने के साथ पौधारोपण अभियान शुरू कर दिया। अब इस मुहिम का मकसद कूड़े के ढेरों की जगह हरियाली विकसित करना और अरावली के प्राकृतिक स्वरूप को दोबारा लौटाना है।पर्यावरण संरक्षण के लिए स्थानीय लोगों की यह पहल दूसरों के लिए भी मिसाल बन रही है।

बता दें कि फरीदाबाद के भाकरी गांव और आसपास की रिहायशी कॉलोनियों के नजदीक अरावली की पहाड़ियों में नगर निगम द्वारा कूड़ा डंपिंग स्टेशन बनाया गया था।यहां शहर भर का कूड़ा डाला जा रहा था,जिसके चलते अरावली की प्राकृतिक हरियाली को भारी नुकसान पहुंच रहा था। कूड़े के बढ़ते ढेरों से आसपास के गांवों और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को बदबू और प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।हालात इतने खराब हो गए थे कि वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI का स्तर भी खतरनाक स्थिति तक पहुंच गया था।इस समस्या के खिलाफ स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन किया और डंपिंग स्टेशन को हटाने की मांग उठाई। इस दौरान पुलिस की मदद से प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में भी लिया गया।बाद में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और निकाय मंत्री विपुल गोयल के प्रयासों से डंपिंग यार्ड को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने अरावली को बचाने की जिम्मेदारी खुद उठाई।

डंपिंग स्टेशन हटने के बाद लोगों ने अपनी-अपनी जेब से आर्थिक सहयोग जुटाया और अरावली क्षेत्र की सुरक्षा के लिए फेंसिंग करवाई। इसके साथ ही यहां बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान की शुरुआत की गई।स्थानीय निवासियों का कहना है कि गांव और कॉलोनियों के लोगों के साझा संघर्ष और एकजुटता से ही यह बदलाव संभव हो पाया है।अब उनका लक्ष्य इस पूरे क्षेत्र को दोबारा हरा-भरा बनाना है,ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण और शुद्ध हवा मिल सके।लोगों का कहना है कि पौधारोपण अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा।खास बात यह है कि इस पूरी मुहिम में लोग स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग कर रहे हैं। अरावली को बचाने के लिए शुरू की गई यह पहल साबित करती है कि अगर समाज एकजुट होकर जिम्मेदारी उठाए तो बिना सरकारी इंतजार के भी बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here