Home Haryana हरियाणा के पांच शहर देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल, पंचगांव...

हरियाणा के पांच शहर देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल, पंचगांव का एक्यूआई 426 पहुंचा

38
0
Screenshot

चंडीगढ़। हरियाणा में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम जिले का पंचगांव 426 एक्यूआई के साथ देश के 280 निगरानी वाले शहरों में सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया है। इसके अलावा देश के दस सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में हरियाणा के पांच शहर शामिल हैं। इनमें पंचगांव, बल्लभगढ़, गुरुग्राम और भिवानी सहित अन्य शहर शामिल हैं।

प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का तीसरा चरण लागू कर दिया गया है। इसके दायरे में हरियाणा के एनसीआर क्षेत्र में आने वाले 14 जिले भी शामिल हैं। ग्रैप-3 लागू होने के बाद प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य धूल और अन्य प्रदूषक तत्वों के स्तर को नियंत्रित करना है।

नए प्रतिबंधों के तहत एनसीआर में खुदाई, पाइलिंग, तोड़फोड़, ईंट-चिनाई, सड़क निर्माण, पेंटिंग और धूल पैदा करने वाले अन्य गैर-जरूरी निर्माण कार्यों पर रोक रहेगी। हालांकि रेलवे, मेट्रो, हवाई अड्डे, अस्पताल और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक सार्वजनिक परियोजनाओं को निर्धारित शर्तों के साथ काम जारी रखने की अनुमति होगी।

इसके अलावा पूरे एनसीआर में स्टोन क्रशर के संचालन और सभी प्रकार की खनन गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन को प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए भी कड़े कदम उठाए गए हैं। गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और दिल्ली में बीएस-3 पेट्रोल तथा बीएस-4 डीजल मानक वाली चार पहिया हल्के मोटर वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध और सख्ती लागू रहेगी।

प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए स्कूलों में पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई का विकल्प उपलब्ध कराने का प्रावधान भी किया जा सकता है। वहीं, सरकारी और निजी कार्यालयों को अपने 50 प्रतिशत कर्मचारियों से घर से काम कराने की सलाह दी गई है। इन उपायों के जरिए वाहनों की आवाजाही और प्रदूषण के अन्य स्रोतों को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here