Home Haryana फरीदाबाद में नंदी से कुकर्म के आरोप में युवक की पिटाई, महिला...

फरीदाबाद में नंदी से कुकर्म के आरोप में युवक की पिटाई, महिला ने जूतों से पीटा

33
0

फरीदाबाद, (अनिल मंगला) | फरीदाबाद के डबुआ इलाके में नंदी के साथ कथित रूप से कुकर्म करने के आरोप में एक युवक की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। गौ रक्षा बजरंग फोर्स के सदस्यों ने शहजाद (25) नाम के युवक को पकड़ लिया। इसके बाद संगठन की एक महिला सदस्य ने युवक को थप्पड़ों और जूतों से पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला युवक की पिटाई करते हुए उसे गालियां देती दिखाई दे रही है। मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोग भी युवक को मारते नजर आ रहे हैं। मारपीट के बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

गौ रक्षा बजरंग फोर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार पंचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी के अनुसार, संगठन को सूचना मिली थी कि डबुआ क्षेत्र में शहजाद ने नंदी के साथ कथित रूप से कुकर्म किया है। सूचना मिलने के बाद संगठन की सदस्य निशा मौके पर पहुंची और युवक को पकड़ लिया। कुछ देर बाद बिट्टू बजरंगी भी वहां पहुंच गए।

सामने आए वीडियो में संगठन की महिला सदस्य युवक को थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है। इसके बाद वह अपना जूता उतारकर उससे युवक की पिटाई करने लगती है। इस दौरान महिला युवक को गालियां देती और आसपास मौजूद लोगों को भी उसे पीटने के लिए कहती सुनाई दे रही है। वीडियो में कुछ लोग जमीन पर पड़े युवक को लातों से मारते भी नजर आ रहे हैं। वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।

मारपीट के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ऑटो में बैठाकर डबुआ थाने ले जाया गया। गौ रक्षा बजरंग फोर्स के सदस्यों ने थाने में शिकायत भी दी है। डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और सामने आए वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here