अंकुर कपूर ,अंबाला। स्कूली विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी, टीम भावना और समाज सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला शिक्षा विभाग ने स्काउट्स गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने की पहल शुरू की है। इस अभियान के तहत स्कूलों के प्रिंसिपलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को स्काउट्स से जोड़ा जा सके।
इस पहल को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा खुद स्काउट्स की वर्दी पहनकर जिला शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचे। उनका यह कदम शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से उठाया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी पहल को दूसरों तक पहुंचाने से पहले उसे स्वयं अपनाना जरूरी है। इसी सोच के साथ उन्होंने स्काउट्स की ड्रेस पहनकर विभागीय कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराई।
सुधीर कालड़ा ने बताया कि शिक्षा विभाग का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना नहीं है, बल्कि उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को भी मजबूत बनाना है। स्काउट्स गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी, प्रतिबद्धता, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और समाज के प्रति सेवा भाव विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्कूल प्रिंसिपलों को निर्देश दिए जा रहे हैं कि वे विद्यार्थियों को स्काउट्स की गतिविधियों और उनके महत्व के बारे में जागरूक करें। साथ ही अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि स्काउट्स आंदोलन को स्कूल स्तर पर मजबूत किया जा सके।
अंबाला छावनी स्थित स्काउट्स एंड गाइड ट्रेनिंग सेंटर में इस संबंध में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्कूल प्रिंसिपलों और शिक्षकों को स्काउट्स गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और विद्यार्थियों को इससे जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला शिक्षा विभाग की इस पहल से स्कूलों में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और अनुशासन पर भी विशेष ध्यान दिए जाने की उम्मीद है। अब विभाग की कोशिश है कि अधिक से अधिक विद्यार्थी स्काउट्स गतिविधियों से जुड़कर जिम्मेदार और सामाजिक मूल्यों से प्रेरित नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ें।







