रेवाड़ी । उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बुधवार को रेवाड़ी जंक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया। महाप्रबंधक का पद संभालने के बाद यह उनका रेवाड़ी का पहला दौरा था। उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, ट्रेनों के संचालन, यात्रियों की सुविधाओं और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
महाप्रबंधक सुबह करीब सात बजे विशेष ट्रेन से रेवाड़ी पहुंचे। उनके साथ डीआरएम रवि जैन, डीसीएम रूपेश यादव समेत रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। करीब नौ बजे से उन्होंने स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों का निरीक्षण शुरू किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान फुट ओवरब्रिज पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर महाप्रबंधक ने अधिकारियों को फटकार लगाई। पुल पर लगाए गए सुरक्षा जाल भी व्यवस्थित नहीं पाए गए। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था में भी कई कमियां सामने आईं। महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पंकज शर्मा ने स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों का निरीक्षण करने के साथ निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज के कार्य की प्रगति भी देखी। उन्होंने रेलवे की अलग-अलग गतिविधियों की बारीकी से जानकारी ली और अधिकारियों से कार्यों की स्थिति के बारे में रिपोर्ट प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और स्टेशन की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
दैनिक रेल यात्री संघ के अध्यक्ष हरिश कुमार भारद्वाज ने कहा कि रेवाड़ी जंक्शन पर वाशिंग लाइन का निर्माण होने से यहां से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन शुरू करने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। इससे रेवाड़ी के साथ धारूहेड़ा, भिवाड़ी, नीमराना, कोसली और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले यात्रियों को उत्तर प्रदेश, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल की ओर यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में रेवाड़ी से लंबी दूरी की ट्रेनों में आरक्षण की सुविधा सीमित होने के कारण यात्रियों को कई बार दिल्ली, गुरुग्राम या जयपुर से टिकट बुक कराना पड़ता है। रेवाड़ी जंक्शन पर दुरंतो और डबल डेकर जैसी ट्रेनों के ठहराव की मांग भी लंबे समय से की जा रही है। यात्रियों को उम्मीद है कि स्टेशन के विकास कार्यों के साथ उनकी पुरानी मांगों पर भी रेलवे की ओर से सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।







