Home Haryana जीवन कुंडू हत्याकांड: सीएम के घेराव की तैयारी, पुलिस ने कुंडू खाप...

जीवन कुंडू हत्याकांड: सीएम के घेराव की तैयारी, पुलिस ने कुंडू खाप नेताओं को महम में रोका

6
0

रोहतक/हिसार। हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज कुंडू खाप के नेताओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के घेराव का ऐलान किया। मुख्यमंत्री हांसी में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इससे पहले ही पुलिस ने पूर्व विधायक बलराज कुंडू, कुंडू खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयबीरा कुंडू समेत करीब 20 से 25 लोगों को महम में रोक लिया।

पुलिस ने इन सभी लोगों को पूर्व विधायक के कार्यालय में बैठा दिया और कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

कुंडू खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयबीरा कुंडू के अनुसार, 4 अगस्त को हिसार के सूर्य नगर में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को नामजद किया है, लेकिन खाप नेताओं का आरोप है कि अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों के फरार होने की बात भी कही जा रही है।

उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हिसार लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे हैं। वहीं, जीवन कुंडू का शव अभी अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रखा हुआ है। परिवार और खाप प्रतिनिधियों का कहना है कि वे पुलिस अधिकारियों से लेकर सरकार के मंत्रियों तक अपनी मांग पहुंचा चुके हैं, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

जयबीरा कुंडू ने कहा कि खाप प्रतिनिधि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर पूरे मामले में अपनी मांग और परिवार की स्थिति उनके सामने रखना चाहते थे। इसी उद्देश्य से शनिवार सुबह करीब छह बजे वे रोहतक से तीन वाहनों के काफिले में हांसी के लिए रवाना हुए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि महम शुगर मिल चौक के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर काफिले को रोक दिया। इसके बाद पूर्व विधायक बलराज कुंडू समेत करीब 20 से 25 लोगों को उनके कार्यालय में बैठा दिया गया। कार्यालय के बाहर पुलिस की तैनाती कर दी गई है।

कुंडू खाप नेताओं का कहना है कि जब तक जीवन कुंडू हत्याकांड में नामजद और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। मामले को लेकर हिसार और आसपास के क्षेत्रों में खाप पंचायतों तथा किसान संगठनों में भी रोष बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here