Home Haryana पलवल में 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, 5 किलोमीटर लंबा...

पलवल में 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, 5 किलोमीटर लंबा तिरंगा रहेगा आकर्षण

4
0

पलवल (सुंदर कुंडू)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पलवल में 13 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा की तैयारियों को लेकर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने अधिकारियों के साथ यात्रा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस विशाल तिरंगा मार्च को भव्य और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों और स्वयंसेवकों के शामिल होने की संभावना है।

गौरव गौतम ने बताया कि तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण 5 किलोमीटर लंबा और 10 फीट चौड़ा राष्ट्रीय ध्वज होगा। इस विशाल तिरंगे को हजारों स्वयंसेवक और नागरिक पलवल की सड़कों पर लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज की लंबाई, उसे थामने वाले लोगों की संख्या और यात्रा की अवधि के आधार पर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा 13 अगस्त को सुबह 7 बजे पुलिस लाइन से शुरू होगी। यात्रा को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में 20 प्रमुख प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। इन स्थानों पर प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

तिरंगा यात्रा का भव्य समापन आगरा चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में होगा। यहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। खेल राज्य मंत्री ने जिला प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ काम करें, ताकि तिरंगा यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here