जींद। हरियाणा के जींद जिले के रामराय गांव में आयोजित नौगामा खाप पंचायत में कई सामाजिक मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नौगामा खाप के प्रधान जयबीर लोहान की अध्यक्षता में हुई पंचायत में प्रेम विवाह, लिव-इन रिलेशनशिप, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और सामाजिक मर्यादाओं से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि खाप से जुड़े गांवों में प्रेम विवाह करने वाले जोड़ों को गांव में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। खाप प्रतिनिधियों का कहना है कि एक ही गांव के भीतर प्रेम विवाह और लिव-इन रिलेशनशिप जैसी व्यवस्थाएं पारंपरिक सामाजिक मान्यताओं के अनुरूप नहीं हैं। इस संबंध में पंचायत ने सामाजिक स्तर पर अपनी राय और निर्णय दर्ज किया है।
नौगामा खाप के प्रवक्ता उमेद सिंह जागलान ने बताया कि पंचायत के निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए 21 गांवों से एक-एक प्रतिनिधि को शामिल करते हुए 21 सदस्यीय केंद्रीय समिति का गठन किया गया है। इसके अलावा प्रत्येक गांव में अलग-अलग समितियां बनाई जाएंगी, जो स्थानीय स्तर पर सामाजिक नियमों के पालन और संबंधित मामलों की निगरानी करेंगी। केंद्रीय समिति पूरे क्षेत्र में समन्वय और निगरानी की जिम्मेदारी निभाएगी।
पंचायत में युवाओं में बढ़ती नशाखोरी पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सूचना देने वाले व्यक्ति को प्रोत्साहन राशि देने का भी निर्णय लिया गया। खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि नशे के खिलाफ सामाजिक भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि गांवों को नशामुक्त बनाया जा सके।
बैठक के दौरान लिव-इन रिलेशनशिप कानून, युवाओं के संस्कार, लड़के-लड़कियों के सामाजिक व्यवहार और विवाह समारोहों में अश्लील गीतों के बढ़ते प्रचलन जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। पंचायत ने सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, पारंपरिक मूल्यों को मजबूत करने और गांवों में अनुशासित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।







